चोलापुर : अंबेडकर झंडे को लेकर तनाव, पुलिस ने दो बार उतरवाया-लगवाया
वाराणसी (जनवार्ता)।चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में बाबा बटुक भैरवनाथ के गेट पर डॉ. भीमराव अंबेडकर का झंडा लगाए जाने को लेकर गुरुवार को भारी तनाव व्याप्त रहा। दलित समाज के लोगों ने झंडा उतारे जाने का विरोध करते हुए सड़क जाम कर दिया, जबकि हिंदू संगठनों के विरोध के बाद पुलिस ने झंडा फिर से उतरवा लिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, अंबेडकर जयंती के दौरान दलित समाज के लोगों ने जुलूस निकालते हुए बाबा बटुक भैरवनाथ मंदिर के गेट के ऊपर अंबेडकर का झंडा लगा दिया था। गुरुवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने देखा कि झंडा उतर गया है, तो आक्रोशित दलित समाज के लोग गांव के सामने इकट्ठा हो गए। उन्होंने बांस की बल्लियों से सड़क जाम कर दी और जोर-शोर से नारेबाजी शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही चोलापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने झंडा वापस लगवाकर लोगों को शांत कराया और प्रदर्शन समाप्त कराया।
हालांकि, जैसे ही इसकी जानकारी दूसरे पक्ष को लगी, हिंदू संगठन समेत अन्य समाज के लोग मौके पर पहुंच गए और झंडा लगाए जाने का पुरजोर विरोध किया। उनके विरोध के चलते पुलिस ने झंडा फिर से उतरवा लिया।
इस घटनाक्रम से इलाके में दोबारा तनाव फैल गया। दलित समाज के लोग सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि दोनों पक्ष आमने-सामने हैं। पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में भारी फोर्स तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास किया जा रहा है।
अभी तक किसी भी पक्ष से लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने में जुटी हुई है। स्थानीय प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अलर्ट जारी कर रखा है।

