चंडीगढ़ में मुठभेड़ के बाद हरियाणा का गैंगस्टर गिरफ्तार
सेक्टर-25 में पुलिस और आरोपी के बीच फायरिंग, पैर में गोली लगने के बाद काबू; हथियार व कारतूस बरामद
चंडीगढ़, (जनवार्ता)। चंडीगढ़ पुलिस ने बुधवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और आरोपी के बीच करीब पांच राउंड फायरिंग हुई, जिसके बाद आरोपी घायल अवस्था में पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश उर्फ गोलू निवासी गोहाना (हरियाणा) के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सेक्टर-16 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी चंडीगढ़ में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर ऑपरेशन सेल की टीम ने सेक्टर-25 स्थित रैली ग्राउंड के पास घेराबंदी की।
जैसे ही पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस दौरान कुल पांच राउंड फायरिंग हुई, जिसमें तीन राउंड आरोपी और दो राउंड पुलिस की ओर से चलाए गए।
फायरिंग के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से अवैध हथियार लाकर पंजाब और हरियाणा में सप्लाई करता था। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में थाना मलोया में हथियार तस्करी का मामला दर्ज है।
चंडीगढ़ पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी और उसे पहले ही भगोड़ा अपराधी (पीओ) घोषित किया जा चुका था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

