वाराणसी में विवाहिता की संदिग्ध मौत: ससुराल पक्ष पर हत्या व दुष्कर्म का आरोप, ससुर गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में 24 अप्रैल को हुई एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला अब गंभीर आपराधिक आरोपों में बदल गया है। शुरुआत में जहर खाकर आत्महत्या का मामला माना जा रहा था, लेकिन परिजनों की तहरीर के बाद पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मृतका की भाभी ने आरोप लगाया है कि महिला शारीरिक रूप से विकलांग थी, जिसका फायदा उठाकर उसका ससुर लंबे समय से उसके साथ दुष्कर्म करता था। इस कारण वह मानसिक रूप से अत्यधिक तनाव में रहती थी और उसने कई बार फोन व संदेश के माध्यम से मायके पक्ष को इसकी जानकारी दी थी।
तहरीर में यह भी कहा गया है कि ससुराल के अन्य सदस्य भी उसे प्रताड़ित करते थे और संतान न होने को लेकर ताने दिए जाते थे। घटना वाले दिन सुबह भी मृतका ने अपनी भाभी को फोन कर जान का खतरा होने की आशंका जताई थी। कुछ ही घंटों बाद उसके जहर खाने से मौत की सूचना मिली, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रकरण की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है, वहीं पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए जांच तेज कर दी है।

