शाहजहांपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, रायबरेली में युवक की जान गई

शाहजहांपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, रायबरेली में युवक की जान गई

शाहजहांपुर  (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश में गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने गहरा दुख और चिंता पैदा कर दी। शाहजहांपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि रायबरेली में एक युवक की जान चली गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

rajeshswari


शाहजहांपुर जिले के पुवायां क्षेत्र में गुरुवार सुबह पुवायां-शाहजहांपुर स्टेट हाईवे पर दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल फ्लाईओवर के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। निगोही थाना क्षेत्र के रामनगर बगिया निवासी अरुण (35) अपनी पत्नी सीमा (32), बेटी दीक्षा (10) और तीन वर्षीय बेटे नैतिक के साथ बाइक से एक शादी समारोह से लौट रहे थे।


बताया जा रहा है कि पुवायां बाईपास पर उनकी बाइक गलत दिशा में पहुंच गई, तभी सामने से आ रही बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अरुण, दीक्षा और नैतिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सीमा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से निगोही क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के घर में कोहराम मचा हुआ है।


उधर रायबरेली जिले के परशदेपुर चौकी क्षेत्र में जायस-सलोन मार्ग पर हौदहा तालाब के पास बुधवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हाजीपुर गांव निवासी अमित (करीब 28 वर्ष) अपने साले अभिषेक के साथ बारात से लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।

इसे भी पढ़े   भदोही: मुठभेड़ में तीन बदमाशों को दबोचा, एक घायल


दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभिषेक का इलाज जारी है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *