गाजीपुर : महिला को मारपीट कर ससुराल से निकाला, थाने में दी तहरीर
गाजीपुर (जनवार्ता) । जनपद के बिरनो थाना क्षेत्र के जयरामपुर हरिबल्लमपुर गांव में एक महिला के साथ ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, प्रिया विश्वकर्मा का आरोप है कि जब वह अपने ससुराल पहुंची तो वहां मौजूद सास, देवर और ननद सहित अन्य परिजनों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि उसे बाल पकड़कर घर से बाहर निकाल दिया गया।
पीड़िता ने अपने पति अभिषेक कनौजिया पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके अनुसार, पति ने उसे सड़क पर घसीटते हुए मारपीट की। साथ ही ससुराल पक्ष द्वारा धमकी दी गई कि विरोध करने पर उसके मायके पक्ष के लोगों के साथ भी मारपीट की जाएगी और उनका घर जला दिया जाएगा।
घटना से आहत महिला ने बिरनो थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।

