गर्दन रेतकर युवक की हत्या, बोरे में भरकर नदी में फेंकी लाश, इलाके में सनसनी
गोरखपुर (जनवार्ता)। जिले के गीडा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब आमी नदी में उतराते एक बोरे से युवक का शव बरामद हुआ। युवक की गर्दन बेरहमी से रेती गई थी और हाथ बंधे हुए थे। शव की पहचान सहजनवां थाना क्षेत्र के टिकरिया गांव निवासी 26 वर्षीय आदित्य साहनी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह राहगीरों ने भरसांड़ स्थित आमी नदी पुल के नीचे एक बोरा उतराते देखा। बदबू आने पर लोगों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बोरा बाहर निकलवाया। बोरा खोलते ही अंदर युवक का शव मिला। गर्दन पर गहरे जख्म और हाथ बंधे होने से हत्या की आशंका जताई गई।
कपड़ों पर लगे स्टीकर के आधार पर पुलिस एक टेलर तक पहुंची, जहां से मृतक की पहचान आदित्य साहनी के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आदित्य का खजनी क्षेत्र की एक युवती से पुराना विवाद चल रहा था। वर्ष 2021 में युवती ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें वह जेल भी गया था। बाद में जमानत पर छूटने के बाद हैदराबाद चला गया था। हाल ही में वह अपने ननिहाल आया था। इसी बीच युवती की शादी हो चुकी थी, लेकिन 21 मई को युवती ने फिर से आदित्य पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया।
बताया जा रहा है कि 24 मई को आदित्य अपने कुछ साथियों के साथ युवती के घर पहुंच गया और वहां जमकर हंगामा किया। आरोप है कि घर में घुसकर मारपीट की गई और टीवी, फ्रिज समेत घरेलू सामान तोड़ दिए गए। घटना में दो महिलाएं घायल हो गईं। ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी वहां से भाग निकले, लेकिन बाद में लोगों ने आदित्य को पकड़ लिया और उसकी बाइक में आग लगा दी। इसके बाद से वह लापता था।
मृतक की मां संजू देवी ने युवती के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर पर पुलिस ने 13 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, बलवा समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

