पेइंग गेस्ट और होम स्टे संचालकों ने विधायक से लगाया बिजली विभाग पर उत्पीड़न का आरोप
वाराणसी (जनवार्ता) । शहर के पेइंग गेस्ट हाउस एवं होम स्टे संचालकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को विधायक सौरभ श्रीवास्तव से मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग द्वारा आए दिन संचालकों का उत्पीड़न किया जा रहा है तथा घरेलू बिजली कनेक्शनों को जबरन व्यावसायिक श्रेणी में बदलने का दबाव बनाया जा रहा है।

संचालकों का कहना था कि अधिकांश होम स्टे और पेइंग गेस्ट प्रतिष्ठान पर्यटन एवं आवास सुविधा से जुड़े छोटे स्तर के व्यवसाय हैं, लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी उन्हें नोटिस देकर व्यावसायिक दरों पर बिलिंग करने का दबाव बना रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कुछ अधिकारियों पर धन उगाही और अनावश्यक कार्रवाई का भी आरोप लगाया।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि इससे संचालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और पर्यटन गतिविधियों से जुड़े छोटे उद्यम प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने इस मामले में स्पष्ट नीति बनाने तथा विभागीय कार्रवाई की जांच कराने की मांग की।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उचित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक या व्यवसायी का अनावश्यक उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में बिजली उपभोक्ताओं, स्मार्ट मीटर और विद्युत बिलिंग से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में शिकायतें सामने आती रही हैं।
इस दौरान बड़ी संख्या में पेइंग गेस्ट हाउस एवं होम स्टे संचालक मौजूद रहे और अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।

