सारनाथ में बंद मकान से चोरों ने आभूषण-नकदी समेत लाखों का सामान किया पार
वाराणसी (जनवार्ता) । सारनाथ थाना क्षेत्र की शक्तिपीठ कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए आभूषण, नकदी, घड़ियां और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, बहादुरपुर (बलिया) निवासी श्वेता ठाकुर अपने पति अजय कुमार ठाकुर के फरीदाबाद में नौकरी करने के कारण सास और दो बच्चों के साथ शक्तिपीठ कॉलोनी में किराए के मकान में रहती हैं। 20 मई को वह परिवार के साथ अपने पैतृक गांव गई थीं। शुक्रवार सुबह मकान मालिक गिरधारी सिंह ने घर का ताला टूटा देखा और इसकी सूचना किरायेदारों को दी।
सूचना मिलने पर श्वेता घर पहुंचीं तो देखा कि दरवाजों और अलमारी के ताले टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़िता के अनुसार चोर 15 ग्राम सोने की चेन, हीरे के लॉकेट वाला मंगलसूत्र, 9 ग्राम सोने के झुमके, 35 हजार रुपये नकद, छह कलाई घड़ियां, परफ्यूम और ड्राई फ्रूट्स चुरा ले गए। हालांकि खराब घड़ियां चोर वहीं छोड़ गए।
इसी मकान में रहने वाले दूसरे किरायेदार सोनू यादव ने बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। रात में लाइब्रेरी जाने के बाद सुबह लौटने पर उनके कमरे का ताला भी टूटा मिला। चोर उनके शैक्षिक दस्तावेज और पर्स में रखे एक हजार रुपये भी उठा ले गए।
घटना से कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है। सारनाथ पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

