अजय राय इफको-टोकियो के निदेशक बने
कृभको के निदेशक की महत्वपूर्ण पद पर मनोनयन से सहकारिता क्षेत्र में खुशी की लहर
वाराणसी (जनवार्ता)।सहकारिता क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय अजय राय को नई दिल्ली में आयोजित बैठक में इफको-टोकियो के निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति सहकारिता क्षेत्र में उनके दशकों के अनुभव, नेतृत्व क्षमता और किसानों तथा सहकारी संस्थाओं के प्रति समर्पण का परिणाम मानी जा रही है।

अजय राय का सहकारिता जगत में एक सशक्त और प्रभावशाली योगदान रहा है। वह जिला सहकारी बैंक के कई बार अध्यक्ष रह चुके हैं तथा राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नेफेड) के पूर्व निदेशक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वह कृभको के निर्वाचित निदेशक हैं। अब इफको-टोकियो के निदेशक पद पर उनकी नियुक्ति उनके सार्वजनिक जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।
अजय राय सहकारिता आंदोलन के वरिष्ठ और सम्मानित नेता बाबू लक्ष्मी प्रसाद राय के पुत्र हैं, जिन्हें सहकारिता जगत का “भीष्म पितामह” कहा जाता है। बाबू लक्ष्मी प्रसाद राय ने अपने जीवन में सहकारिता के मूल्यों को मजबूत करने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य किए ।अजय राय ने भी अपने पिता की इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए सहकारिता क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इफको-टोकियो के निदेशक पद पर नियुक्ति के बाद अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा इफको के चेयरमैन दिलीपभाई संघाणी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह दायित्व किसानों, सहकारी संस्थाओं और देश के सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में नई ऊर्जा के साथ कार्य करने का अवसर प्रदान करेगा।
सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि अजय राय का अनुभव और नेतृत्व इफको-टोकियो के विकास तथा सहकारी मूल्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उनकी नियुक्ति से उनके समर्थकों और सहकारिता क्षेत्र में कार्यरत लोगों में खुशी का माहौल है।
सहकारिता के शिखर तक पहुंचने का सफर:
जिला सहकारी बैंक के कई बार अध्यक्ष, नेफेड के पूर्व निदेशक और कृभको के निर्वाचित निदेशक के रूप में अजय राय ने सहकारिता क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। किसानों और सहकारी संस्थाओं के हितों के लिए लगातार कार्य करते हुए उन्होंने संगठनात्मक नेतृत्व और प्रशासनिक क्षमता का प्रभावी परिचय दिया। इफको-टोकियो के निदेशक पद पर उनकी नियुक्ति इसी लंबे अनुभव और समर्पण का प्रतिफल मानी जा रही है। वर्तमान में उनकी पत्नी अजय सुमन राय जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष है।

