2027 चुनाव: सुभासपा ने घोषित किए 32 सीटों के प्रभारी
वाराणसी (जनवार्ता)। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने 32 विधानसभा क्षेत्रों के लिए चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारियों की घोषणा कर दी है। वाराणसी में आयोजित राष्ट्रीय परिषद की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर की मौजूदगी में यह फैसला लिया गया।

पार्टी ने गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, भदोही, आजमगढ़, मऊ, बलिया, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, हरदोई, बाराबंकी, सीतापुर और मुरादाबाद समेत कई जिलों की विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
बैठक में सभी नियुक्त पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान चलाने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई। पार्टी नेतृत्व ने दावा किया कि सुभासपा सामाजिक न्याय, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के अधिकारों के मुद्दे पर मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेगी।
डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि सभी प्रभारी और सह-प्रभारी तत्काल प्रभाव से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियां तेज करेंगे, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन बेहतर हो सके।

