आरडीएसओ महानिदेशक ने किया बरेका का दौरा, लोको निर्माण एवं नवाचार पर हुई चर्चा

आरडीएसओ महानिदेशक ने किया बरेका का दौरा, लोको निर्माण एवं नवाचार पर हुई चर्चा

वाराणसी (जनवार्ता)  । भारतीय रेल के अनुसंधान, नवाचार एवं तकनीकी मानकीकरण के प्रमुख संस्थान अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ), लखनऊ के महानिदेशक प्रभास दनसाना ने सोमवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा कर रेल इंजन निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं और उत्पादन गतिविधियों का निरीक्षण किया।

rajeshswari

बरेका पहुंचने पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने उनका स्वागत किया। शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों अधिकारियों के बीच भारतीय रेल के तकनीकी आधुनिकीकरण, अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों, रेल इंजनों के मानकीकरण तथा भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रक मशीन शॉप एवं लोको टेस्ट शॉप का भ्रमण किया। उन्होंने रेल इंजनों के निर्माण की चरणबद्ध प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था तथा आधुनिक वेल्डिंग तकनीकों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने उत्पादन दक्षता, तकनीकी उत्कृष्टता और गुणवत्ता मानकों के प्रति बरेका की प्रतिबद्धता की सराहना की।

महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने बरेका की उपलब्धियों, उत्पादन क्षमता और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए रेल इंजन निर्माण में संस्थान की भूमिका पर प्रकाश डाला।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) अरविंद कुमार जैन, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर सुदीप रावत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। दौरे के दौरान अनुसंधान, नवाचार और उत्पादन इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा भारतीय रेल को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और दक्ष बनाने के लिए उन्नत तकनीकों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।

इसे भी पढ़े   सोना महंगा होने से 50% बढ़ गई कांचीपुरम सिल्क साड़ियों की कीमत
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *