बस कंडक्टर से 8 हजार रिश्वत लेते रोडवेज अधिकारी गिरफ्तार
प्रयागराज (जनवार्ता) । भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) प्रयागराज मंडल की टीम ने रोडवेज के एक क्षेत्रीय प्रबंधक को बस कंडक्टर से 8,000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी की पहचान अरविंद मिश्रा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से वाराणसी जनपद के फूलपुर क्षेत्र का निवासी बताया गया है।

जानकारी के अनुसार, प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र निवासी बस परिचालक संगम सोनकर ने एंटी करप्शन कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जीरो रोड डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अरविंद मिश्रा ने वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि (एसीआर) सही करने और सेवा संबंधी कार्य के बदले 8,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत का सत्यापन कराने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने 29 मई को जाल बिछाया। निरीक्षक रविंद्र सिंह के नेतृत्व में 13 सदस्यीय टीम ने जीरो रोड डिपो स्थित कार्यालय में कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कैंट थाने लाया गया, जहां उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। एंटी करप्शन टीम मामले की आगे की जांच कर रही है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल संगठन को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

