थाने से कुछ ही दूरी पर गांजे की खुलेआम बिक्री, लोगों में आक्रोश व्याप्त; सोशल मीडिया पर वीडियो ट्वीट होते ही मचा हड़कंप
चौबेपुर (जनवार्ता)। स्थानीय थाना क्षेत्र में इन दिनों गांजे की खुलेआम बिक्री को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से थाने के आसपास गांजा बेचा जा रहा है, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर ने इस मामले को उजागर किया। यूजर ने अपने पोस्ट में लिखा, “चौबेपुर पुलिस थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित भांग की दुकान के पास खुलेआम गांजा बिक रहा है।” इस ट्वीट के साथ एक वीडियो भी साझा किया गया है।ट्वीट के बाद यूपी पुलिस ने वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस को टैग कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मामले की जानकारी डीसीपी वरुणा जोन को दी गई। डीसीपी वरुणा जोन ने स्वयं ट्वीट कर बताया कि जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित कर दिया गया है।वहीं स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने इसकी शिकायत पूर्व में भी मौखिक रूप से थाने में की थी, लेकिन तब किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब जब मामला सोशल मीडिया के जरिए वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा है, तब पुलिस सक्रिय हुई है।


