बंद घर को बनाया निशाना: ताला तोड़कर तीन लाख की चोरी, नकली जेवर भी ले उड़े चोर
वाराणसी (जनवार्ता)। लंका थाना क्षेत्र के रमना चौकी अंतर्गत नरोत्तमपुर गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। चोर मुख्य दरवाजे का ताला और लोहे की कुंडी तोड़कर घर में घुसे तथा कमरों को खंगालते हुए महंगे कपड़े, विदेशी घड़ियां और आर्टिफिशियल ज्वेलरी समेट ले गए।

जानकारी के अनुसार, मकान धर्मेंद्र सिंह का है। उनके रिश्तेदार आकाश अपनी पत्नी के साथ यहां रहते थे। हाल ही में उनका तबादला लखनऊ होने के कारण वे 27 मई को जरूरी सामान लेकर वहां चले गए थे। घर की देखभाल के लिए प्रतिदिन एक महिला आती थी।
मंगलवार सुबह महिला जब मकान पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी टूटी देख हैरान रह गई। उसने तत्काल धर्मेंद्र सिंह के चचेरे भाई रामनारायण सिंह को सूचना दी। इसके बाद डायल-112 पर पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
परिजनों के मुताबिक चोरों ने घर के सभी कमरों के साथ रसोईघर और पूजा कक्ष तक को खंगाल डाला। आलमारी में रखी आर्टिफिशियल ज्वेलरी को असली समझकर अपने साथ ले गए। इसके अलावा कीमती साड़ियां, अन्य महंगे कपड़े और दो विदेशी घड़ियां भी चोरी हो गईं।
रामनारायण सिंह ने बताया कि सौभाग्य से आकाश लखनऊ जाते समय अपने और पत्नी के असली गहने साथ ले गए थे, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि घर से जाने से पहले एसी खोलने के लिए बुलाए गए एक मैकेनिक की भूमिका की जांच की जानी चाहिए।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस को लिखित तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

