विस्थापित दुकानदारों को मिली दुकानें, 11 को सौंपी चाबी
दरभंगा (जनवार्ता)। रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण के कारण विस्थापित हुए दुकानदारों के पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए दरभंगा नगर निगम ने सोमवार को निगम बाजार भवन में 11 व्यवसायियों को दुकानों की चाबी और कब्जा पत्र सौंपे।
नगर निगम के मुख्य सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर अंजुम आरा, उप महापौर नाजिया हसन तथा स्थायी समिति के सदस्यों ने प्रथम चरण के लाभार्थियों को नई दुकानों का आवंटन किया। चाबी प्राप्त करने वाले दुकानदारों में निसार अहमद, मो. मुस्लिम, जाहिद अंसारी, राजा झा, रंजीत कुमार शांडिल, जावेद काजमी, शब्बीर अहमद, मो. आशिक और रुक्मणी देवी सहित अन्य शामिल रहे।
इस अवसर पर महापौर अंजुम आरा ने कहा कि व्यवसायी नगर निगम की आर्थिक गतिविधियों की रीढ़ हैं और उनके हितों की रक्षा के लिए निगम प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पुनर्वास की यह प्रक्रिया प्रभावित व्यापारियों को नई शुरुआत का अवसर प्रदान करेगी।
व्यवसायी महासंघ ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक नायक ने नगर निगम प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समन्वित प्रयास से बाजार भवन का निर्माण संभव हो सका, जिससे विस्थापित परिवारों को रोजगार का स्थायी आधार मिलेगा।
कार्यक्रम का संचालन बाजार प्रभारी राजाराम ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी, स्थानीय नागरिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नगर निगम के अनुसार, कुल 74 विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वास की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।


