सीवर लाइन जोड़ने को लेकर विवाद, मारपीट में चार घायल
चार नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी (जनवार्ता)। भेलूपुर थाना क्षेत्र में सीवर लाइन में पाइप जोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद सोमवार को हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, एक युवक सोमवार सुबह सीवर लाइन में पाइप जोड़ने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए काम रुकवाने का प्रयास किया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि संबंधित सीवर लाइन सरकारी है और उसमें स्थानीय निवासियों को कनेक्शन लेने का अधिकार है।
सीवर कनेक्शन को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में विवाद में बदल गई। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। पीड़ित पक्ष ने अमन, कबीर, रजत और नरेश समेत अन्य लोगों पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी विभिन्न मुद्दों को लेकर विवाद होता रहा है। सीवर लाइन में पाइप जोड़ने को लेकर उपजा विवाद इस बार हिंसक रूप ले बैठा। घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और उन्होंने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
सूचना पर पहुंची दुर्गाकुंड चौकी और भेलूपुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की तथा घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया। पुलिस के अनुसार, प्राप्त तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


