नव नियुक्त सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने संभाला कार्यभार
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने पर रहेगा विशेष जोर
वाराणसी (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश शासन के आदेश के क्रम में नव नियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार ने मंगलवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की तथा विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, संचारी रोग नियंत्रण तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जाएगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नव नियुक्त सीएमओ का स्वागत किया तथा जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास किए जाएंगे, जिससे जनपद के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

