सीसीटीवी फुटेज से खुला बनारस स्टेशन चोरी कांड, दो आरोपीगिरफ्तार; लाखों की नकदी बरामद
वाराणसी (जनवार्ता )। बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-8 स्थित मल्टी परपज स्टॉल में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए कैंट जीआरपी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 3 लाख 93 हजार रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर, पूर्वोत्तर रेलवे आरपीएफ के निरीक्षक राजेश कुमार और सीआईबी इंस्पेक्टर राजेश ने संयुक्त रूप से बताया कि 28 मई की रात स्टॉल से 7 लाख 10 हजार रुपये से भरा बैग चोरी हो गया था। घटना के दौरान स्टॉल के कर्मचारी श्रवण यादव और सतीश बाहर बेंच पर सो रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि चोर ने चोरी करने से पहले स्टॉल के फ्रिज से कोल्ड ड्रिंक निकालकर पी थी।
घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस टीम संदिग्धों का पीछा करते हुए बाबतपुर तक पहुंची। मिले सुरागों के आधार पर सुंदरपुर निवासी आकाश पटेल को बनारस स्टेशन की वाशिंग लाइन क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बड़ागांव निवासी सभाजीत उर्फ सोनू को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आकाश के पास से 1 लाख 93 हजार रुपये और सभाजीत के पास से 2 लाख रुपये बरामद हुए।
इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि मुख्य आरोपी आकाश पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है और शराब का आदी है। चोरी की घटना के बाद सभाजीत उसे संरक्षण दे रहा था। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।


