वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पर जल और ऊर्जा संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली
वाराणसी (जनवार्ता)। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पर जल एवं ऊर्जा संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाली गई। रेलवे के स्वास्थ्य निरीक्षकों और संविदा कर्मचारियों ने स्टेशन परिसर से रेलवे कॉलोनी और रेलवे कार्यालय तक जन-जागरूकता अभियान चलाया।
रैली के दौरान कर्मचारियों ने जल संरक्षण, ऊर्जा की बचत और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए। उन्होंने जल पुनर्चक्रण प्रणालियों, ऑटोमेटिक कोच वाशिंग प्लांट जैसी सुविधाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पानी के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की।
अभियान में ई-वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण, पुनर्चक्रण और जैविक खाद निर्माण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। कर्मचारियों ने कहा कि जल संरक्षण के उपाय अपनाकर न केवल प्राकृतिक संसाधनों को बचाया जा सकता है, बल्कि स्वस्थ और टिकाऊ जीवनशैली को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
रेल यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों, वेंडरों और स्थानीय नागरिकों से प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने तथा पर्यावरण अनुकूल वस्तुओं को अपनाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक एच. हाशमी, स्वास्थ्य निरीक्षक राजू यादव सहित संविदा कर्मचारी अजय, सितारा, लालती, राहुल, चंदन और रेशमा समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।


