एसटीएफ ने फर्जी आयुष्मान कार्ड गिरोह के सदस्य को किया गिरफ्तार
लखनऊ (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) को आयुष्मान भारत योजना में बड़े स्तर पर अनियमितताओं का खुलासा करते हुए एक संगठित गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। आरोप है कि गिरोह हजारों अपात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड अनधिकृत तरीके से बनवाकर सरकारी खजाने को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा था।

एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी चक्र शेरू उर्फ अभिषेक उर्फ अजय जनपद हरदोई का निवासी है और वर्तमान में लखनऊ के तालकटोरा क्षेत्र में रह रहा था। उसे पारा थाना क्षेत्र के बुद्धेश्वर इलाके से गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी अन्य लोगों की फैमिली आईडी में ओटीपी सत्यापन प्रक्रिया को दरकिनार कर नए सदस्यों के नाम जोड़ता था। इसके बाद क्रियान्वयन सहयोग एजेंसी (आईएसए) तथा राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के माध्यम से आयुष्मान कार्ड स्वीकृत कराए जाते थे। इन कार्डों का उपयोग कर उपचार कराया जाता था, जिससे सरकार को भारी राजस्व हानि पहुंचती थी।
एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से कई फर्जी और कूटरचित दस्तावेज भी बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार गिरोह लंबे समय से इस अवैध गतिविधि में संलिप्त था और मामले की गहन जांच की जा रही है।
एसटीएफ अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, लाभार्थियों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

