नाबालिग से दुष्कर्म मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
वाराणसी (जनवार्ता)। नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को चौबेपुर पुलिस ने शुक्रवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, 7 मई 2026 को पीड़िता की ओर से चौबेपुर थाने में तहरीर देकर एक युवक पर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी तथा आरोपी की तलाश की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के सुंडूपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर आरोपी अमित यादव (22) पुत्र रजनी यादव, निवासी करनईपुर सेमरा, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर को शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार सोनकर, उपनिरीक्षक पवन कुमार तथा कांस्टेबल गुलशन कुमार और मिथिलेश कुमार शामिल रहे।

