नोएडा की 28 मंजिला इमारत में भीषण आग
डेढ़ घंटे बाद पाया गया काबू

नोएडा। सेक्टर-75 स्थित आईवीवाय काउंटी सोसाइटी की 28 मंजिला टावर की 12वीं मंजिल पर शुक्रवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही फ्लैट से ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार निकलने लगा, जिसे दूर-दूर तक देखा गया। घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। ऊंची इमारत होने के कारण 12वीं मंजिल तक सीधे पानी पहुंचाने में कठिनाई आई, जिसके चलते अग्निशमन कर्मियों ने हाईड्रोलिक क्रेन और भवन में लगे फायर सेफ्टी सिस्टम की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
सुरक्षा को देखते हुए टावर के साथ आसपास की इमारतों को भी खाली करा लिया गया। दमकल विभाग की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुटा है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठ रही थीं, जिससे कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था। समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

