बड़ागांव : पत्रकार ने थाना प्रभारी पर लगाया अभद्र भाषा और कार्रवाई की धमकी देने का आरोप
वाराणसी (जनवार्ता) । बड़ागांव थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन की कवरेज करने पहुंचे एक पत्रकार के साथ थाना प्रभारी द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पत्रकारों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।


जानकारी के अनुसार बड़ागांव थाना क्षेत्र में हाल ही में हुए एक मारपीट के मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि पुलिस द्वारा एक पक्ष पर कार्रवाई किए जाने के साथ ही उस नाबालिग के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया, जिसके परिजन ने घटना के दौरान 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी थी। इस कार्रवाई से असंतुष्ट नाबालिग की मां, बहन एवं अन्य महिलाओं ने मामले की शिकायत एसीपी बड़ागांव से की थी।
शनिवार शाम कथित एकपक्षीय कार्रवाई के विरोध में पीड़ित पक्ष की महिलाएं बड़ागांव थाने पहुंचीं और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान पत्रकार दीनदयाल सिंह घटना की कवरेज के लिए वहां पहुंचे थे।
आरोप है कि धरना दे रही महिलाओं को हटाने के दौरान थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने कवरेज कर रहे पत्रकार के साथ भी अभद्र व्यवहार किया तथा उनके विरुद्ध कार्रवाई करने और मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी। घटना के बाद पत्रकारों में रोष व्याप्त हो गया।
पत्रकारों का कहना है कि लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है और समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

