वाराणसी में शहर से बाहर शिफ्ट होंगी मीट-मांस और मछली की दुकानें
नगर निगम सदन की बैठक में बनी सहमति, रामनगर समेत पांच स्थानों पर बाजार विकसित करने की तैयारी
वाराणसी (जनवार्ता) । नगर निगम की साधारण सभा (सदन) की बैठक में शहर के भीतर संचालित मीट-मांस एवं मछली की दुकानों को नगर सीमा के बाहरी क्षेत्रों में स्थानांतरित करने के महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर सहमति बनी। महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में टाउनहाल में आयोजित बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता, अतिक्रमण और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।


नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सदन को बताया कि प्रथम चरण में रामनगर, सूजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर क्षेत्र में स्थान चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर व्यवस्थित मीट-मछली बाजार विकसित किए जाएंगे, जहां शहर के भीतर संचालित दुकानों को स्थानांतरित किया जाएगा। नगर निगम का मानना है कि इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और व्यवसायियों को भी व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा।
बैठक में पार्षद गुलशन अली ने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रस्ताव पारित हुआ था, लेकिन अभी तक उसका क्रियान्वयन नहीं हो सका है। उन्होंने मीट व्यवसायियों के रोजगार संबंधी मुद्दों को भी उठाया। इस पर नगर आयुक्त ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सदन में जलकल परिसर से निकली लगभग 40 हजार घन मीटर मिट्टी की नीलामी, सीएम ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर योजना के कार्यों की गुणवत्ता, गृहकर के दायरे का विस्तार, तालाबों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की रोकथाम, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था तथा नवविस्तारित क्षेत्रों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
भेलूपुर में प्रस्तावित काशी इंटरप्रिटेशन सेंटर और कम्युनिटी पार्क को लेकर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जलकल के पुराने भवन को ध्वस्त नहीं किया जाएगा तथा पेयजल व्यवस्था से जुड़े ढांचों से कोई छेड़छाड़ नहीं होगी। वहीं शिवपुर में लगभग 500 दुकानों वाली फुटकर फल मंडी विकसित करने की योजना पर भी चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विकास कार्यों में पारदर्शिता, वार्डवार कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराने, तालाबों के संरक्षण, जल निकासी, सफाई व्यवस्था और शौचालय निर्माण जैसे जनहित के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। कई प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक का एक विशेष आकर्षण यह रहा कि महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित कई पार्षद एवं अधिकारी ई-रिक्शा से टाउनहाल पहुंचे। नगर निगम द्वारा प्रत्येक शनिवार को मनाए जाने वाले ‘नो फ्यूल डे’ अभियान के तहत यह पहल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती नजर आई।
बैठक की शुरुआत वंदेमातरम् और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान पूर्व पार्षदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

