नगर निगम : घटिया सड़क निर्माण पर ठेकेदार का 25 फीसदी भुगतान रोका

नगर निगम : घटिया सड़क निर्माण पर ठेकेदार का 25 फीसदी भुगतान रोका

गुणवत्ता में खामियां मिलने पर ब्लैकलिस्टिंग की चेतावनी, अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

वाराणसी (जनवार्ता)। सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। औसानगंज से राजापुरा मान की तकिया (वार्ड संख्या-73) तक निर्मित सीसी सड़क में गंभीर खामियां पाए जाने पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 25 प्रतिशत भुगतान रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी भी दी गई है।

rajeshswari

नगर निगम द्वारा किए गए निरीक्षण में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हुए। जांच के दौरान सड़क की सतह से अत्यधिक धूल उड़ती मिली, जबकि निर्माण स्थल पर प्लास्टिक एवं अन्य अवांछित सामग्री के अवशेष भी पाए गए। अधिकारियों के अनुसार यह स्थिति निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी और अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन की ओर संकेत करती है।

नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित निर्माण कार्य की विस्तृत तकनीकी जांच किसी सक्षम समिति अथवा थर्ड पार्टी एजेंसी से कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक ठेकेदार को अंतिम भुगतान नहीं किया जाएगा।

निर्माण कार्य कराने वाली फर्म मैसर्स संकटमोचन कंस्ट्रक्शन को सात दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने यह भी कहा कि मामले में केवल ठेकेदार ही नहीं, बल्कि कार्य की निगरानी से जुड़े अभियंताओं और अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या उत्तरदायित्वहीनता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़े   पूर्वांचल एक्सप्रेसवे ; खड़ी डीसीएम में घुसी ट्रक, चालक की मौत

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों में मानकों का पालन सुनिश्चित करना सभी संबंधित पक्षों की जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *