व्हाट्सएप पर जमा होगा गृहकर, जलकर और सीवरकर, नगर निगम की नई पहल
एआई चैटबॉट सेवा शुरू करने वाला उत्तर प्रदेश का पहला नगर निगम बना वाराणसी, 15 जुलाई तक 12 प्रतिशत की छूट
वाराणसी (जनवार्ता)। नगर निगम वाराणसी ने डिजिटल सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एआई आधारित व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा शुरू की है। अब शहर के करीब 2.33 लाख भवन स्वामी घर बैठे ही अपने गृहकर, जलकर और सीवरकर का भुगतान कर सकेंगे। इस सुविधा का शुभारंभ शनिवार को टाउनहाल में आयोजित नगर निगम सदन की बैठक के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी ने किया।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार इस नई व्यवस्था के लागू होने के साथ वाराणसी, उत्तर प्रदेश का पहला नगर निगम बन गया है, जहां करदाताओं के लिए एआई आधारित व्हाट्सएप टैक्स भुगतान सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे नागरिकों को निगम कार्यालय के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं होगी।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि करदाता अपने व्हाट्सएप से 86018 72601 नंबर पर ‘Hi’ संदेश भेजकर इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। चैटबॉट द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने पर कुछ ही क्षणों में कर विवरण मोबाइल स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगा। इसके बाद उपभोक्ता ऑनलाइन भुगतान कर डिजिटल रसीद भी प्राप्त कर सकेंगे।
नगर निगम ने समय पर कर भुगतान को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष छूट की भी घोषणा की है। नगर आयुक्त के अनुसार 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर एवं सीवरकर जमा करने वाले भवन स्वामियों को 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। वहीं ऑनलाइन भुगतान करने पर 2 प्रतिशत अतिरिक्त छूट मिलेगी। इस प्रकार करदाताओं को कुल 12 प्रतिशत तक की राहत प्राप्त होगी।
इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं पद्म पुरस्कार से सम्मानित नागरिकों को गृहकर, जलकर और सीवरकर में 50 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जाएगी। नगर आयुक्त ने बताया कि 1 अप्रैल से 6 मई के बीच कर जमा करने वाले उपभोक्ताओं की छूट राशि अगले वित्तीय वर्ष में समायोजित कर दी जाएगी।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने के साथ-साथ नागरिकों को पारदर्शी और सरल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नागरिकों से समय रहते कर भुगतान कर नगर निगम की इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।

