पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आए युवक की गोली मारकर हत्या

पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आए युवक की गोली मारकर हत्या

पत्नी ने भाई पर लगाया आरोप

सहारनपुर (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने पत्नी के साथ सहारनपुर आए एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रामपुर मनिहारान क्षेत्र में परीक्षा केंद्र के निकट हुई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपित की तलाश की जा रही है।

rajeshswari

जानकारी के अनुसार शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र निवासी शिव कुमार (24) मंगलवार को अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज आए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों स्कॉर्पियो वाहन में बैठकर वापस लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए एक हमलावर ने शिव कुमार के सिर में सटाकर गोली मार दी।

गोली लगते ही शिव कुमार गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक की पत्नी आकांक्षा ने अपने मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि उसने लगभग चार माह पहले शिव कुमार से प्रेम विवाह किया था, जिससे उसके परिजन नाराज थे। आकांक्षा ने आरोप लगाया कि उसके भाई मंजीत ने ही रंजिश के चलते उसके पति की हत्या कराई है।

वहीं मृतक के भाई ने भी आकांक्षा के परिवार को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की सहायता से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इसे भी पढ़े   संतकबीर नगर में अवैध मदरसे का ध्वस्तीकरण जारी, 24 घंटे बाद भी पूरी तरह नहीं गिर सका ढांचा

पुलिस अधिकारियों के अनुसार परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम विवाह के बाद उत्पन्न पारिवारिक रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *