आशा ज्ञान पुस्तकालय की सात मेधावी बेटियां नर्सिंग की पढ़ाई के लिए जाएंगी कोयंबटूर

आशा ज्ञान पुस्तकालय की सात मेधावी बेटियां नर्सिंग की पढ़ाई के लिए जाएंगी कोयंबटूर

मिली ढाई लाख रुपये की स्कॉलरशिप

वाराणसी (जनवार्ता) । प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर स्थित आशा ज्ञान पुस्तकालय से जुड़ी सात मेधावी छात्राओं ने अपनी प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शंकरा आई हॉस्पिटल, हरहुआ द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा एवं साक्षात्कार में सफल होने के बाद इन छात्राओं का तमिलनाडु के आर.जे. शंकरा हॉस्पिटल, कोयंबटूर में तीन वर्षीय नर्सिंग कोर्स के लिए चयन हुआ है।

rajeshswari


चयनित छात्राओं को लगभग ढाई लाख रुपये की स्कॉलरशिप के साथ नर्सिंग पाठ्यक्रम की पूरी पढ़ाई, आवास और भोजन की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। चयनित छात्राओं में ममता (अमीनी), निशा (मेहदीगंज), पायल और दिव्या (नागेपुर), शिवानी विश्वकर्मा (बेनीपुर), संध्या सिंह (हरसोस) तथा लक्ष्मी (करधना) शामिल हैं। सभी छात्राएं किसान, मजदूर और बुनकर परिवारों से हैं।
इस उपलब्धि पर शनिवार को लोक समिति पुस्तकालय भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने सभी छात्राओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। आशा ट्रस्ट अमेरिका से आई आरती, फीडिंग इंडिया के ऋषभ चोपड़ा तथा कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय भिखारीपुर की शिक्षिका सरिता आर्या ने छात्राओं को उपहार भेंट कर मिठाई खिलाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली सभी छात्राओं को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
पुस्तकालय संयोजक पंचमुखी सिंह ने बताया कि आशा ज्ञान पुस्तकालय ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को केवल अध्ययन सामग्री ही नहीं, बल्कि विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, प्रवेश परीक्षाओं और साक्षात्कार की तैयारी में भी सहयोग करता है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की प्रतिभाशाली बेटियों को आगे बढ़ाने का यह प्रयास लगातार जारी है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को साकार कर सकें।
कार्यक्रम में मनीष, आलोक, मोनी, आकांक्षा, अनीश कुमार, खुशबू, काजल, गूंजा, आकाश, अनिल सिंह, पीयूष, कंचन, श्रद्धा, चंदन, शीतल, प्रीतम, शशिकला, अवनीश सहित पुस्तकालय से जुड़े अनेक छात्र-छात्राएं और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़े   थाने में लाखों की डील का खुलासा — दो एसआई सस्पेंड, महिला अफसर पर भी शक
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *