नोएडा मजदूर आंदोलन के बंद कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर वाराणसी में प्रदर्शन
वाराणसी (जनवार्ता)। नोएडा मजदूर आंदोलन से जुड़े आठ बंद मजदूर कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर शनिवार को वाराणसी के शास्त्री घाट पर ‘कारवां’ के बैनर तले विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में विभिन्न छात्र संगठनों और नागरिक समाज से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया तथा गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नोएडा मजदूर आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए रूपेश, आकृति, सृष्टि, मनीषा, योगेश, आदित्य आनंद, हिमांशु और सत्यम वर्मा पिछले तीन महीनों से जेल में बंद हैं। उनका कहना था कि इन सभी को गैरकानूनी तरीके से गिरफ्तार किया गया है।
सभा को संबोधित करते हुए स्त्री मुक्ति लीग की प्रतिनिधि लता ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा दाखिल की गई चार्जशीट तथ्यों पर आधारित नहीं है और इसमें लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों की मांगों का समर्थन करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्रों, बुद्धिजीवियों और कलाकारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
दिशा छात्र संगठन की ओर से ध्रुव ने कहा कि मजदूरों द्वारा वेतन वृद्धि, बेहतर कार्य परिस्थितियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग करना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मांगों का समर्थन करने वालों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने बंद कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। कार्यक्रम में लता, ध्रुव, ज्ञान, आदेश, तारल्य, वीरू, सुधांशु सहित विभिन्न छात्र संगठनों एवं नागरिक समाज के सदस्य उपस्थित रहे।


