सावन में कैंट स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा
वाराणसी (जनवार्ता)। सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन समेत आसपास के प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। जीआरपी, आरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के जवान कांवड़ियों के वेश में भी तैनात रहेंगे, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर गुप्त नजर रखी जा सके।

स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी और सभी प्रवेश व निकास द्वारों पर मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। फुट ओवरब्रिज पर अतिरिक्त जवान तैनात रहेंगे, जबकि बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल रहेंगे।
जीआरपी अनुभाग मुख्यालय में प्रस्तावित बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी। वहीं भदोही, जंघई, सुल्तानपुर, जौनपुर और काशी समेत आसपास के रेलवे स्टेशनों पर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

