टिन शेड की मरम्मत के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, पत्नी घायल
चौबेपुर(जनवार्ता)। स्थानीय थाना क्षेत्र के खरगीपुर गांव में रविवार दोपहर करीब दो बजे एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को मातम में डाल दिया। मिली जानकारी के अनुसार, घर के टिन शेड की मरम्मत कर रहे 24 वर्षीय युवक आनंद पटेल पुत्र घनश्याम पटेल की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और अपनी पत्नी व तीन नाबालिग पुत्रियों के साथ रहता था।

हादसे के दौरान पत्नी ने उन्हें बचाने की कोशिश की, जिससे वह भी करंट की चपेट में आ गईं। किसी तरह आसपास के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए बिजली की सप्लाई काटकर उन्हें बचाया। घायल पत्नी को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। बुजुर्ग माता-पिता का सहारा छिन गया है, तीन छोटी-छोटी बच्चियां पिता के साये से वंचित हो गई हैं। आनंद पटेल ही इस परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।
वहीं, थाना प्रभारी चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

