बैंकॉक के पब में भीषण आग से 27 की मौत, 63 घायल
धुएं में फंसने से गई कई लोगों की जान
बैंकॉक (जनवार्ता)। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के चतुचक (Chatuchak) जिले में स्थित लोकप्रिय पब ‘रॉन्ग बीयर ना लात फ्राव’ (Rong Beer Na Lat Phrao) में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही पब में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने बताया कि मंच के पास बिजली के सर्किट से धुआं उठने के बाद तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं और आग की चपेट में आ गया। घना धुआं भर जाने के कारण कई लोग बाहर निकलने के बजाय पब के पिछले हिस्से में बने शौचालयों की ओर भाग गए, जहां वे फंस गए।
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक आग पूरी इमारत में फैल चुकी थी। राहत एवं बचाव दल ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के अनुसार, 22 से अधिक घायलों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने घटनास्थल का दौरा कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच में आग का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है।
यह हादसा थाईलैंड में हाल के वर्षों की सबसे भीषण अग्नि दुर्घटनाओं में से एक माना जा रहा है। घटना के बाद सार्वजनिक मनोरंजन स्थलों में अग्नि सुरक्षा मानकों और आपातकालीन निकास व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

