फूलपुर : पिकअप की टक्कर से फर्नीचर कारीगर की मौत,

फूलपुर : पिकअप की टक्कर से फर्नीचर कारीगर की मौत,

मुआवजे की मांग को लेकर लगाया जाम

वाराणसी (जनवार्ता)। फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार में तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से 35 वर्षीय फर्नीचर कारीगर की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।

rajeshswari

जानकारी के अनुसार, पिंडरा बाजार निवासी जयप्रकाश विश्वकर्मा उर्फ छोटू (35) रविवार देर रात करीब 1:30 बजे घर के बाहर सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान फूलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर घर के पास खड़ी एक मैजिक मालवाहक से टकरा गई। टक्कर के जोरदार झटके से मैजिक वाहन जयप्रकाश से जा भिड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना से नाराज परिजनों ने सोमवार सुबह शव सड़क पर रखकर मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर वाराणसी-जौनपुर मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा और फूलपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त कराया।

एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिवार को किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, पत्नी को विधवा पेंशन, दोनों बेटियों को इंस्पायर योजना से जोड़ने तथा परिवार के एक सदस्य को अमूल कंपनी में रोजगार दिलाने का आश्वासन दिया गया है।

इसे भी पढ़े   छात्र की हत्या के बाद परिजनों का हंगामा, हाईवे पर जाम और तोड़फोड़

फूलपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, पिकअप अमूल दुग्ध प्लांट से दूध लेकर वाराणसी जा रही थी।

मृतक जयप्रकाश विश्वकर्मा दो भाइयों में छोटे थे और फर्नीचर कारीगरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से पत्नी और दो बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *