कानपुर : खड़े ट्रक से स्कॉर्पियो की टक्कर में दो मासूम समेत तीन की मौत, नौ घायल
कानपुर (जनवार्ता)। प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार की छत उखड़ गई और उसमें सवार कई लोग अंदर फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर घायलों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को पहले कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो में कुल 12 लोग सवार थे, जो हरियाणा के सिरसा से बिहार के गया जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में वाहन की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक होने की बात सामने आई है। मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीछा कर करीब 13 किलोमीटर दूर तिवारीपुर ओवरब्रिज के पास ट्रक को रोककर चालक को हिरासत में ले लिया। चालक की पहचान मिर्जापुर निवासी आदर्श सिंह के रूप में हुई है।
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह सर्विस लेन में ट्रक खड़ा कर आराम कर रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ट्रक से आकर टकरा गई। हादसे के बाद वह घबराकर मौके से चला गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

