बीएचयू में बनेगा फिजियोथेरेपी सेंटर, पुनर्वास सेवाओं को मिलेगी मजबूती
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में जल्द ही सेंटर फॉर फिजियोथेरेपी एवं ऑक्युपेशनल थेरेपी की स्थापना होगी। विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद ने 27 मई की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। केंद्र की स्थापना से पुनर्वास चिकित्सा, शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा मिलने के साथ मरीजों को आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

चिकित्सा संकाय प्रमुख प्रो. (डॉ.) संजय गुप्ता ने बताया कि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में स्थापित होने वाला यह केंद्र चिकित्सा शिक्षा, शोध और पुनर्वास सेवाओं को मजबूत करेगा।
आईएमएस-बीएचयू के निदेशक प्रो. एस.एन. संखवार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं, न्यूरोलॉजिकल रोगों, खेल चोटों और बढ़ती उम्र से जुड़ी समस्याओं के उपचार में फिजियोथेरेपी और ऑक्युपेशनल थेरेपी की बढ़ती जरूरत को देखते हुए यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यहां साक्ष्य-आधारित उपचार, उन्नत प्रशिक्षण और अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाएगा।

