मार्कण्डेय महादेव धाम के संगम तट पर स्नान के दौरान युवक गंगा में डूबा, तलाश जारी
वाराणसी (जनवार्ता)। चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी स्थित प्रसिद्ध मार्कण्डेय महादेव धाम के गंगा-गोमती संगम तट पर बुधवार को स्नान के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था।

पुलिस के अनुसार, डूबे युवक की पहचान चोलापुर थाना क्षेत्र निवासी अभय गुप्ता (26) पुत्र राजेश गुप्ता के रूप में हुई है। बताया गया कि अभय अपने एक मित्र के साथ मार्कण्डेय महादेव धाम में दर्शन-पूजन के लिए आया था। मंदिर में दर्शन करने से पहले दोनों गंगा-गोमती संगम तट पर स्नान करने पहुंचे। स्नान के दौरान अभय अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद मित्र ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस और परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में युवक की तलाश शुरू कराई गई, जो देर शाम तक जारी रही।
पुलिस का कहना है कि खोज एवं बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है। युवक का पता चलते ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद संगम तट पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु एकत्र हो गए।

