काशी में मंगला आरती के साथ रथयात्रा मेले का भव्य शुभारंभ
वाराणसी (जनवार्ता)। धर्म और आस्था की नगरी काशी में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा मेले का शुभारंभ मंगला आरती के साथ भक्तिमय माहौल में हुआ। सुबह से ही डमरू की गूंज, शंखनाद और जय जगन्नाथ के उद्घोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। भगवान जगन्नाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर पहुंचने लगे।


मंगला आरती में जगन्नाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष बृजेश सिंह, सचिव शैलेश त्रिपाठी सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ट्रस्ट अध्यक्ष बृजेश सिंह ने श्रद्धालुओं से भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लेकर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पिछले साल की तुलना में बेहतर व्यवस्थाएं और आकर्षक सजावट की गई है।
ट्रस्ट के सचिव शैलेश त्रिपाठी ने कहा कि इस बार सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया है। भगदड़ जैसी किसी भी स्थिति से बचने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार की रथ यात्रा पहले से अधिक भव्य और ऐतिहासिक होगी।
श्रद्धालु गणेश मिश्रा ने कहा कि काशीवासियों को पूरे वर्ष इस रथ यात्रा का इंतजार रहता है, क्योंकि यह शहर की आस्था और परंपरा का प्रमुख पर्व है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक शर्मा ने भी इसे काशी के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजनों में से एक बताते हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता की बात कही।
रथ यात्रा मेले के शुभारंभ के साथ ही काशी में धार्मिक उत्सव का माहौल बन गया है। आने वाले दिनों में लाखों श्रद्धालुओं के मेले में पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति ने व्यापक तैयारियां की हैं।

