राजातालाब तहसील में अधिवक्ताओं का धरना पांचवें दिन भी जारी
एसडीएम के विरुद्ध हवन कर जताया विरोध
वाराणसी (जनवार्ता)। राजातालाब तहसील में अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन गुरुवार को लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने एसडीएम की “बुद्धि शुद्धि” के लिए हवन कर अपना विरोध दर्ज कराया और उन पर प्रशासनिक अनियमितता तथा अधिवक्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं का आरोप है कि बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के साथ कथित दुर्व्यवहार के बाद से एसडीएम अधिवक्ताओं से मिलने से बच रहे हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि एसडीएम शाम करीब छह बजे तहसील पहुंचते हैं और देर रात तक कार्यालय में रहते हैं, जबकि अधिकांश अधिवक्ता और कर्मचारी अपने निर्धारित समय पर लौट चुके होते हैं। इससे तहसील के नियमित प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
अधिवक्ता आशीष सिंह ने कहा कि एसडीएम का देर शाम कार्यालय आना यह दर्शाता है कि वे अधिवक्ताओं से संवाद नहीं करना चाहते। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर एसडीएम का स्थानांतरण करने की मांग की।
अधिवक्ताओं के अनुसार, कुछ दिन पहले बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अन्य अधिवक्ता अपनी समस्याओं को लेकर एसडीएम से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने मिलने से इनकार कर दिया। इसी घटना के विरोध में अधिवक्ताओं ने धरना-प्रदर्शन शुरू किया, जो अब लगातार पांचवें दिन भी जारी है।
धरना स्थल पर अधिवक्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, इस मामले में एसडीएम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

