मुजफ्फरनगर में शिक्षिका से गैंगरेप का आरोप, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल; 4 पर केस
रतनपुरी थाना क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय युवती एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। बुधवार को वह परिजनों के साथ थाने पहुंची और तहरीर देकर बताया कि अप्रैल में गांव के वसीम और जावेद ने उसका कथित रूप से अपहरण कर नशीला पदार्थ पिला दिया। आरोप है कि बेहोशी की हालत में उसे जंगल ले जाकर दोनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया।

पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करते रहे। उन्होंने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और मदरसे चलने के लिए कहा। विरोध करने पर मारपीट की गई और उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
लोकलाज और डर के कारण पीड़िता ने तत्काल किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। लगातार धमकियों से परेशान होकर उसने बुधवार को पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों समेत चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। मामले की जांच जारी है।

