प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने जहरीले सांप से डसवाकर ली पति की जान
मेरठ (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक स्कूल संचालक की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, स्कूल संचालक की पत्नी ने अपने प्रेमी और दो सपेरों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। हत्या को प्राकृतिक हादसा दिखाने के लिए पहले पति को दूध में नींद की गोलियों की अधिक मात्रा दी गई और बेहोश होने के बाद जहरीला सांप छोड़कर उसे डसवाया गया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक अतुल और उसकी पत्नी दामिनी ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था। दोनों एक निजी स्कूल का संचालन करते थे और उनका छह वर्षीय बेटा भी है। जांच में सामने आया कि स्कूल के वैन चालक तुषार के साथ दामिनी के प्रेम संबंध हो गए थे। इसके बाद दोनों ने अतुल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, साजिश के तहत दामिनी ने अतुल को दूध में नींद की गोलियों की ओवरडोज दी। जब वह अचेत हो गया तो तुषार ने दो सपेरों की मदद से लाया गया जहरीला सांप उसके कंबल में छोड़ दिया, जिससे सांप ने अतुल को डस लिया और उसकी मौत हो गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों की नजर अतुल के लगभग 20 लाख रुपये के जीवन बीमा पर भी थी। हत्या के बाद वे बीमा राशि हासिल करना चाहते थे।
मेरठ पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी तुषार और दो सपेरों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे षड्यंत्र का खुलासा हुआ है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

