नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में भाजपा को पांच, सपा को एक सीट
वाराणसी (जनवार्ता)। नगर निगम कार्यकारिणी समिति के छह रिक्त पदों के लिए शुक्रवार को हुए चुनाव में भाजपा ने पांच और समाजवादी पार्टी (सपा) ने एक सीट पर जीत दर्ज की। कांग्रेस का कोई प्रत्याशी निर्वाचित नहीं हो सका। चुनाव में 112 में से 107 मतदाताओं ने मतदान किया और 95.53 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।


नगर निगम कार्यकारिणी के 12 सदस्यों में से छह सदस्यों का कार्यकाल 27 जून को समाप्त होने के बाद इन पदों के लिए महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में टाउनहाल सभागार में चुनाव कराया गया। छह पदों के लिए आठ प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। बाद में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अमरदेव ने नाम वापस ले लिया।

कांग्रेस प्रत्याशी गुलशन अली के चुनाव मैदान में बने रहने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यदि विपक्ष संयुक्त रणनीति अपनाता तो सपा के दो सदस्यों के निर्वाचित होने की संभावना थी। मतदान होने के बाद भाजपा को अतिरिक्त सीट का लाभ मिला। अंतिम परिणाम में भाजपा ने पांच और सपा ने एक सीट जीती, जबकि कांग्रेस को सफलता नहीं मिली।
मतदान के बाद मतगणना अधिकारी शशिकांत सिंह के नेतृत्व में मतगणना कराई गई, जिसमें एक मत अवैध घोषित हुआ। इसके बाद चुनाव अधिकारी ने परिणाम घोषित किए। कार्यक्रम के अंत में कार्यकाल पूरा करने वाले तथा नव-निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों का सम्मान किया गया।
*निर्वाचित सदस्य*
भाजपा: बलराम कन्नौजिया (वार्ड-9, शिवपुर), इंद्रा रानी (वार्ड-10, शिवपुरवा), संदीप रघुवंशी (वार्ड-31, नारायणपुर), संजय केशरी (वार्ड-84, गोलादीनानाथ) और नरसिंह दास (वार्ड-96, दशाश्वमेध)।
समाजवादी पार्टी: गोविंद प्रसाद सिंह (वार्ड-49, पिसौर)।
चुनाव में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. सुनील पटेल, डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव तथा विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय, अन्नपूर्णा सिंह और आशुतोष सिन्हा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने मतदान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, सपा सांसद वीरेंद्र सिंह तथा निर्दलीय पार्षद अर्चना यादव शहर से बाहर होने के कारण मतदान में शामिल नहीं हो सके।
चुनाव एकल संक्रमणीय (सिंगल ट्रांसफरेबल वोट) पद्धति से कराया गया। मतगणना में संदीप रघुवंशी को प्रथम वरीयता के मतों का मूल्य 17 मिला, जबकि बलराम कन्नौजिया, इंद्रा रानी, संजय केशरी, नरसिंह दास और गोविंद प्रसाद सिंह के मतों का मूल्य 16-16 रहा। कांग्रेस प्रत्याशी गुलशन अली के मतों का मूल्य 9 रहा।

