ककरमत्ता फ्लाईओवर पर कार की टक्कर से बाइक सवार छत पर  गिरा, तीन युवक गंभीर

ककरमत्ता फ्लाईओवर पर कार की टक्कर से बाइक सवार छत पर  गिरा, तीन युवक गंभीर

वाराणसी (जनवार्ता)। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित ककरमत्ता फ्लाईओवर पर शनिवार सुबह करीब 9 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और बाइक समेत कई वाहनों की टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार एक युवक कई फीट हवा में उछलकर फ्लाईओवर के नीचे बने मकान की छत पर जा गिरा, जबकि उसके दो साथी सड़क पर गंभीर रूप से घायल हो गए।

rajeshswari

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फ्लाईओवर पर तेज गति से चल रहे वाहनों के बीच अचानक कार, बाइक और दो अन्य चारपहिया वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की तीव्रता से बाइक के परखच्चे उड़ गए और एक युवक उछलकर नीचे स्थित मकान की छत पर जा गिरा। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही मंडुवाडीह थाना पुलिस और बरेका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मकान की छत पर गिरे युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद तीनों घायलों को एंबुलेंस से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घायलों की पहचान बाबू राजभर (18) पुत्र चंदन राजभर, प्रीतम राजभर पुत्र बब्बल राजभर, दोनों निवासी कादीपुर, थाना शिवपुर तथा राहुल यादव के रूप में हुई है। राहुल यादव का पूरा पता अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

इसे भी पढ़े   काशी की धरती पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *