बीएचयू में पीजी प्रवेश के लिए स्पॉट राउंड काउंसिलिंग शुरू

बीएचयू में पीजी प्रवेश के लिए स्पॉट राउंड काउंसिलिंग शुरू

20 जुलाई तक चलेगा पहला चरण

वाराणसी (जनवार्ता)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए स्पॉट राउंड काउंसिलिंग शुरू हो गई है। समर्थ पोर्टल, नई दिल्ली से छात्रों का सीट आवंटन डेटा मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने शनिवार से प्रथम चरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी।

rajeshswari

केंद्रीय प्रवेश समिति के समन्वयक प्रो. भास्कर भट्टाचार्य ने बताया कि स्पॉट राउंड काउंसिलिंग का पहला चरण 20 जुलाई की रात 11:59 बजे तक चलेगा। इस चरण में पीजी की लगभग 2,400 रिक्त सीटों को भरने का प्रयास किया जाएगा। यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं तो 21 जुलाई से दूसरे चरण की काउंसिलिंग आयोजित की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि स्पॉट राउंड की प्रक्रिया 16 जुलाई से शुरू होनी थी, लेकिन समर्थ पोर्टल से सीट आवंटन डेटा समय पर उपलब्ध न होने के कारण इसमें दो दिन की देरी हुई और अब यह 18 जुलाई से शुरू हो सकी।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यदि प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित समय पर पूरी होती है तो 27 और 28 जुलाई को संबंधित विभागों एवं कॉलेजों में छात्रों की रिपोर्टिंग कराई जाएगी तथा 30 जुलाई से नए सत्र की शुरुआत का प्रयास रहेगा। हालांकि, यदि स्पॉट राउंड का दूसरा चरण आयोजित करना पड़ा तो प्रवेश प्रक्रिया लंबी हो सकती है और नए सत्र की शुरुआत अगस्त के प्रथम या द्वितीय सप्ताह तक खिसक सकती है।

वहीं, बीएचयू में स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों के लिए सीयूईटी के माध्यम से प्रवेश हेतु पंजीकरण प्रक्रिया भी जारी है। अभ्यर्थी 25 जुलाई की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके बाद त्रुटि सुधार का अवसर दिया जाएगा और फिर सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी।

इसे भी पढ़े   बस की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की हुई दर्दनाक मौत
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *