राजातालाब तहसील में अधिवक्ताओं का न्यायिक कार्य बहिष्कार
एसडीएम के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित
वाराणसी (जनवार्ता)। राजातालाब तहसील बार एसोसिएशन ने शनिवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) शांतनु कुमार सिंह सिंगसवार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए पूरे दिन न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। अधिवक्ताओं ने एसडीएम पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया।

तहसील बार एसोसिएशन की बैठक प्रस्तावक मनीष कुमार सिंह के प्रस्ताव पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कनिष्ठ उपाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन महामंत्री वीरेंद्र कुमार यादव ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे और सभी न्यायालयों का बहिष्कार करेंगे।
धरने को समर्थन देने सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश गौतम भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार से वे आहत हैं और इस मामले के समाधान के लिए जिलाधिकारी से वार्ता की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सोमवार को बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण से अवगत कराएगा और उचित कार्रवाई की मांग करेगा।
धरने और बैठक में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, पूर्व अध्यक्ष राम जी सिंह पटेल, सरजीत भारद्वाज, छेदी लाल यादव, पूर्व महामंत्री प्रदीप कुमार सिंह, बाबर अली साबरी, विश्वजीत श्रीवास्तव, काशीनाथ पटेल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

