सावन से पहले मृत्युंजय मंदिर में उमड़ी भीड़
वाराणसी (जनवार्ता)। श्रावण मास शुरू होने से पहले ही काशी में शिवभक्ति का रंग गहराने लगा है। सोमवार को मृत्युंजय महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जलाभिषेक और दर्शन के लिए मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगीं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रशासन ने अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की और जल चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं को पीछे के प्रवेश द्वार से मंदिर में प्रवेश कराया।

महामृत्युंजय जाप कर रहे पंडित अजय ने बताया कि काशी में सावन जैसा माहौल बन चुका है। रिमझिम बारिश के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक करने पहुंचे। वहीं, दर्शन के लिए आए श्रद्धालु शिव प्रकाश ने बताया कि लंबे समय बाद मंदिर में इतनी भीड़ देखने को मिली है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से मंदिर परिसर के आसपास फूल-माला की दुकानों पर भी रौनक लौट आई है, हालांकि फूल-माला के दाम बढ़ गए हैं।
इस वर्ष श्रावण मास 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक रहेगा। सावन के चार सोमवार 3, 10, 17 और 24 अगस्त को पड़ेंगे।

