लोहता : चकरोड निर्माण की आड़ में जमीन पर कब्जे का आरोप
वाराणसी (जनवार्ता। लोहता थाना क्षेत्र के कोटवा (खरका) गांव में चकरोड निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामवासियों ने आरोप लगाया है कि राजस्व विभाग द्वारा किए गए सीमांकन की अनदेखी कर उनकी निजी भूमि को प्रभावित करते हुए चकरोड का निर्माण कराया जा रहा है। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।


पीड़ित पक्ष के अनुसार, ग्राम कोटवा (खरका), ब्लॉक काशी विद्यापीठ स्थित आराजी संख्या 1220, जिसके काश्तकार अजय सिंह एवं अरुण सिंह हैं, के बगल से 10 कड़ी चकरोड का सीमांकन किया गया था। आरोप है कि सीमांकन के विपरीत आराजी संख्या 1220 की भूमि को काटकर चकरोड बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ितों का यह भी आरोप है कि संबंधित चकरोड का निर्माण ब्लॉक प्रमुख कोटे से कराया जा रहा है और कार्य बीडीसी सदस्य लियाकत अली की देखरेख में चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय बदरुद्दीन द्वारा उनकी भूमि पर कब्जा करने की कोशिश पिछले छह माह से की जा रही है। सोमवार को भी कथित रूप से चकरोड के नाम पर सीवर लाइन डालने का प्रयास किया गया, जिसे पुलिस के हस्तक्षेप के बाद रुकवा दिया गया।
पीड़ित अरुण कुमार सिंह ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सीमांकन के अनुरूप निर्माण कार्य कराने तथा उनकी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
एसीपी रोहनिया ने कहा बुधवार को राजस्वकर्मियों की टीम के जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी ।

