काशी विद्यापीठ में फ्लैग मार्च, प्रदर्शन के बीच पुलिस छावनी में बदला परिसर
वाराणसी (जनवार्ता)। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रही। विश्वविद्यालय के सभी प्रवेश और निकासी द्वारों पर पुलिस बल तैनात रहा। गेट नंबर दो सहित सभी प्रवेश द्वारों पर छात्रों के पहचान पत्र की जांच के बाद ही उन्हें परिसर में प्रवेश दिया गया।

पूर्व घोषित छात्र प्रदर्शन के मद्देनजर आरएएफ, पीएसी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने परिसर में फ्लैग मार्च किया। विश्वविद्यालय के प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने भी पूरे परिसर में लगातार निगरानी रखी और विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान छात्र विभिन्न पोस्टर और बैनर लेकर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मार्च निकालते नजर आए। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के चलते परिसर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा और परिसर में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने छात्रों से संयम बनाए रखने, शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और किसी भी भड़काऊ गतिविधि से दूर रहने की अपील की है। पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

