जमीन अधिग्रहण पर वार्ता विफल
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण को लेकर गुरुवार को चौकाघाट स्थित विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय में अधिकारियों और प्रभावित लोगों के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही। प्रभावितों ने मुआवजे की राशि को अपर्याप्त बताते हुए उचित मुआवजा और पुनर्वास की मांग की।

भदऊ ग्राम (वर्तमान कज्जाकपुरा) के आठ प्रभावितों ने बताया कि रेलवे की ओर से मकान हटाने का नोटिस दिया गया है। उनका कहना है कि पूरी जमीन के लिए करीब 86 लाख रुपये का मुआवजा तय किया गया है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति को केवल तीन-चार लाख रुपये ही मिलेंगे। उनका आरोप है कि इतनी राशि में नया मकान बनाना संभव नहीं है।
प्रभावितों ने कहा कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और यदि मकान हटाए गए तो उनके सामने आवास का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि समाधान नहीं निकला तो न्यायालय की शरण लेंगे।

