सीवान रेलवे अस्पताल में अब सीआरएल लैब की जांच सुविधा
सीवान (जनवार्ता)। सीवान जंक्शन स्थित उपमंडलीय रेलवे अस्पताल में रेल कर्मचारियों के लिए पैथोलॉजी जांच सुविधा का विस्तार किया गया है। रेलवे प्रशासन ने वाराणसी स्थित सीआरएल (CRL) प्रयोगशाला के साथ अनुबंध किया है, जिससे केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना (CGHS) के तहत विभिन्न जांचें अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।

नई व्यवस्था के तहत सीआरएल प्रयोगशाला का प्रतिनिधि प्रत्येक गुरुवार को रेलवे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मरीजों के रक्त व अन्य जांच के नमूने एकत्र करेगा। जांच रिपोर्ट कर्मचारियों के मोबाइल पर भेजी जाएगी, जबकि उसकी मुद्रित प्रति अगले नमूना संग्रह के दौरान स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध कराई जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के शाखा मंत्री विनोद रंजन ने बताया कि यह सुविधा लंबे समय से लंबित मांग थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में उठाए गए इस मुद्दे के बाद पहले पैथकाइंड प्रयोगशाला से अनुबंध किया गया था और अब सीआरएल लैब के जुड़ने से जांच सेवाएं और सुदृढ़ होंगी।
नई सेवा का शुभारंभ शाखा मंत्री विनोद रंजन ने स्वयं रक्त का पहला नमूना देकर किया। इस दौरान यूनियन पदाधिकारी और बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे। यूनियन ने इस पहल के लिए रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

