व्यापारियों ने गोदौलिया-मैदागिन मार्ग पर स्प्रिंकलर फव्वारा लगाने की उठाई मांग
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी व्यापार प्रतिनिधिमंडल से संबद्ध “न्याय-मंच” के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मंडलायुक्त से मुलाकात कर व्यापारिक एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मंच के अध्यक्ष सोनालाल सेठ ने किया।


ज्ञापन में गोदौलिया से मैदागिन तक भीषण गर्मी को देखते हुए यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए “स्प्रिंकलर फव्वारा” लगाने की मांग की गई। इसके साथ ही विश्वनाथ धाम क्षेत्र में गेट नंबर 2 और 3 के पास अतिरिक्त शीतल जल की व्यवस्था हेतु वाटर कूलर लगाए जाने की भी मांग उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त को बताया कि ज्येष्ठ अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के दौरान पंचकोशी यात्रा सहित विभिन्न धार्मिक यात्राओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी पहुंचते हैं। यात्राएं मणिकर्णिका घाट से प्रारंभ होती हैं और श्रद्धालु जौ विनायक दर्शन के बाद बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर यात्रा शुरू करते हैं। व्यापारियों ने मांग की कि घाट की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को गेट नंबर 3 नीलकंठ मार्ग से सीधे दर्शन की अनुमति दी जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
ज्ञापन में रोपवे प्रोजेक्ट, विश्वनाथ धाम क्षेत्र के दुकानदारों को भेजे गए कैम चार्ज संबंधी नोटिसों पर भी आपत्ति जताई गई। साथ ही गोदौलिया और मैदागिन के बीच संचालित निःशुल्क गोल्फ वाहनों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल का आरोप था कि वाहन चालकों और अवैध गाइडों की मिलीभगत से यात्रियों को पूरी सुविधा नहीं मिल पा रही है।
व्यापारियों ने गिरिजाघर, गोदौलिया, पीडीआर मॉल और चौक क्षेत्र में ई-रिक्शा के बढ़ते अतिक्रमण पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि रात नौ बजे के बाद इन मार्गों पर ई-रिक्शा की अधिकता के कारण पैदल चलना मुश्किल हो जाता है।
मंडलायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल में महेश चंद्र माहेश्वरी, मनोज सिंह, केशरी नंदन उपाध्याय, शैलेन्द्र सिंह और भानु मिश्र सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

